250 करोड़ की लागत से कोल इंडिया खोलेगा स्किल डेवलपमेंट सेंटर : भट्टाचार्य

रांची : कोल इंडिया के चेयरमैन एस भट्टाचार्य ने कहा  कि कोल इंडिया का भारत सरकार के नेशनल स्किल डेवलपमेंट मिशन के साथ एमओयू हुआ है। इसके तहत 250 करोड़ रुपये की लागत से रांची में एक स्किल डेवलपमेंट सेंटर खोला जायेगा। इसमें कोल इंडिया के विस्थापितों के परिजनों को प्रशिक्षित किया जायेगा। इसका लाभ ठेके पर काम करनेवाले श्रमिकों को भी मिलेगा।

चेयरमैन गुरुवार को मोमेंटम झारखंड पर आयोजित तकनीकी सेमिनार में बोल रहे थे। जिसका विषय “माइनिंग एंड मिनिरल डेवलपमेंट : झारखंड” में निवेश की संभावना था। चेयरमैन ने कहा कि देश के एक-एक व्यक्ति के शरीर में झारखंड है। यहीं के माइंस से स्टील और कोयले से ऊर्जा बनती है। कोल इंडिया की चार कंपनियां झारखंड में कार्यरत हैं। लोग कहते हैं कि खनन सस्टेनेबल होना चाहिए। यह ठीक है कि खनन और पर्यावरण के लिए  सस्टेनेबल होना आसान नहीं है, लेकिन आर्थिक रूप से सस्टेनेबल होने के लिए खनन जरूरी है। कोल इंडिया झारखंड में कई संभावना देख रहा है। उत्पादन बढ़ाना है। यहां के खनन की सुरक्षा में ड्रोन कैमरे का प्रयोग करना है।

Note: News shared for public awareness with reference from the information provided at online news portals.