जोहार योजना पर खर्च होंगे 1500 करोड़, 18 हजार अनाथ बच्चों को कौशल विकास से जोड़कर दिया जायेगा रोजगार

खरसावां / सरायकेला : झारखंड से पलायन को रोकने के लिए सरकार कड़े कदम उठा रही है | इसके लिये राज्य के 18 हजार अनाथ बच्चों को कौशल विकास से जोड़कर रोजगार दिया जायेगा | सखी मंडल के माध्यम से टेक्सटाइल, तसर व लाह की चूड़ी बनाने के उद्योग को बढ़ावा दिया जायेगा | जोहार योजना के तहत 1500 करोड़ खर्च किये जायेंगे | उक्त घोषणा मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बुधवार को राजनगर में आयोजित भाजपा के अनुसूचित जनजाति के सम्मेलन में की |

उन्होंने कहा कि लाह उद्योग को बढ़ावा देने के लिए अलग से बोर्ड का गठन किया जायेगा | तसर उद्योग को बढ़ावा देने के लिए चार डिजाइनरों से सहयोग लिया जायेगा | रांची में 18 मई को कपड़ा व जूता प्लांट की आधारशिला रखी जायेगी | उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर पर खरीदे जाने वाली सभी चादर, कंबल, परदे आदि सखी मंडल से खरीदे जायेंगे | उच्च शिक्षा के लिये आदिवासी बच्चों को सरकार राशि उपलब्ध करायेगी |

मुख्यमंत्री ने हजारीबाग के एक प्रोफेसर द्वारा धर्म परिवर्तन कराने का मामला सामने आने पर कहा कि ऐसे तत्वों से सचेत रहने की जरूरत है | धर्म परिवर्तन के लिये दबाव बनाना कहीं से भी ठीक नहीं है | सरकार आदिवासियों की संस्कृति को बचाने के लिए कार्य करेगी | सीएनटी-एसपीटी एक्ट में सरलीकरण आदिवासियों के विकास के लिए किया गया है | उन्होंने कहा कि वे आदिवासियों के विकास के लिये कार्य करते रहेंगे | उन्होंने राज्य के विकास का संकल्प लिया है उसे हर हाल में पूरा करेंगे |

Note: News shared for public awareness with reference from the information provided at online news portals.