स्किल समिट में सीएम रघुवर बोले, रांची में बनेगा विदेश भवन, 5 कंपनियों के साथ किया एमओयू भी

रांची : स्वामी विवेकानंद की जयंती पर मोमेंटम झारखंड के तहत रांची के खेलगांव में आयोजित स्किल समिट का आज मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुभारंभ किया। इसमें शिरकत करने के लिए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, जयंत सिन्हा, फिल्म निर्माता सुभाष घई समेत कई विशिष्टअतिथि पहुंचे हैं। स्किल समिट में नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं के चेहरे खिल गए। सुबह 7 बजे से ही खेल गांव परिसर में भारी भीड़ उमड़ी थी। इस दौरान मुख्यमंत्री के भाषण पर सीटियां भी बजी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि रांची में भी एक विदेश भवन का निर्माण होगा, इसके लिए सरकार डेढ़ एकड़ जमीन देगी। युवाओं को विदेश जाकर नौकरी में कोई परेशानी न हो इसलिए विदेश भवन रांची में खोला जाएगा। अगर हमारे बच्चे जो विदेश में काम करते हैं उनके साथ कोई हादसा हो जाता है तो सरकार पांच लाख की आर्थिक मदद करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने की झारखंड की तारीफ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए संदेश में कहा गया है कि झारखंड सभी क्षेत्रों में तेजी से बदल रहा है। स्किल डेवलपमेंट से स्किल हब के तौर पर झारखंड जाना जाएगा।

स्‍थानीय फिल्‍मों को आगे बढ़ाएं: सुभाष घई

इस मौके पर फिल्म निर्माता सुभाष घई ने कहा कि स्थानीय फिल्मों को आगे बढ़ाएं, तभी प्रदेश में फिल्म इंडस्ट्री का विकास होगा। स्किल समिट फिल्म निर्माता सुभाष घई ने कहा कि हिंदी को बढ़ावा देना होगा। स्थानीय कलाकारों को मौका मिले। झारखंड में फिल्म ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट खुले, तब मुंबई से फिल्म निर्माता आएंगे।

रांची में नया टर्मिनल बनेगाः जयंत सिन्हा

जयंत सिन्हा ने कहा कि रांची में नया टर्मिनल बनेगा, आने वाले समय में सिंगापुर से सीधे रांची की फ्लाइट होगी। पिछले तीन साल में हवाई यात्रियों की संख्या 5 लाख से 15 लाख हो गई है। जमशेदपुर से धनबाद तक ग्रोथ कॉरिडोर बन रहा है। इसे विकास कहते हैं।

झारखंड को टेक्सटाइल हब बनाएंगेः धर्मेंद्र प्रधान

स्किल समिट में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा हम झारखंड में पॉली फाइबर बनाएंगे, आधुनिक पोलिस्टर बनाएंगे। झारखंड को टेक्सटाइल हब बनाएंगे। झारखंड में जल्द ही नैचुरल गैस पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिसका फायदा ये होगा कि बड़े बड़े निवेशक झारखंड का रुख करेंगे।

 

वीएलसीसी खोलेगा ट्रेनिंग सेंटर

वीएलसीसी की संस्थापक वंदना लूथरा ने कहा कि झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में वीएलसीसी ट्रेनिंग सेंटर खोलेगा। ब्यूटी इंडस्ट्री झारखंड की तस्वीर बदल सकती है। छोटे ब्यूटी पार्लर में प्रशिक्षित महिलाओं की जरूरत है।

स्वास्थ्य के क्षेत्र में संभावनाएं सबसे अधिक

अपोलो स्वास्थ्य सेवाओं की मुखिया संगीता रेड्डी ने कहा कि इन दिनों सबसे अधिक मांग डॉक्टर नहीं, तकनीशियन की है। झारखंड अभी स्वास्थ्य सेवाओं में पीछे है, यहां संभावनाएं अधिक हैं।

 इस महत्वपूर्ण कड़ी में झारखंड स्किल मिशन के द्वारा बेरोजगारों को रोजगार प्रदान करने की सरकार के एक्जिबिशन लॉउन्ज में ‘हेल्थ केयर स्किल सेंटर’ के एक्जिबेशन सेंटर का शुभारंभ हुआ। इस दौरान संस्थान के निदेशक प्रभात कुमार भी मौजूद थे।  रिसर्च एवं डाग्योनॉस्टिक सेंटर पटना बिहार का एक्जिविशन सेंटर का शुभारंभ झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी द्वारा रिबन काट कर किया गया।

इस अवसर पर मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने संस्था द्वारा लगाये गये एक्जीविशन शिविर सह जागरूकता कार्यक्रम का प्रशंसा की। मंत्री ने संस्था के डायरेक्टर डॉ प्रभात रंजन को झारखंड के बच्चों को स्किल्ड कर रोजगार देने के काम में यथासंभव मदद करने का भरोसा दिया।

इन कंपनियों संग एमओयू

इस मौके पर उच्च तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग ने स्किल डेवलपमेंट के सहारे भावी गोल को साधने के लिए पांच कंपनियों के साथ  एमओयू  भी किया। जिन कंपनियों के साथ  एमओयू  किया गया वे हैं

  • क्वींसलैंड स्किल्स एंड एजुकेशन कंसोर्टियम
  • यूके स्किल्स
  • नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन
  • जी फोर एस कॉरपोरेशन
  • सीस्ता हॉस्पीटलिटी