मछुआरों के कौशल विकास के लिये खुलेंगे दो फिशरमेन ट्रेनिंग स्कूल

मध्य प्रदेश : मछुआ कल्याण मंत्री सुश्री कुसुम महदेले ने प्रदेश में मछली उत्पादन को बढ़ावा देने के लिये फिशरमेन ट्रेनिंग स्कूल खोलने के निर्देश दिये हैं | सुश्री महदेले मध्यप्रदेश मत्स्य महासंघ की 86वीं काम-काज समिति की बैठक को संबोधित कर रही थीं |

सुश्री कुसुम महदेले ने कहा कि प्रदेश के 22 जलाशय में मछली-पालन कर रहे मछुआरों के प्रशिक्षण के उद्देश्य से बाणसागर और कुटनी जलाशय क्षेत्र में ट्रेनिंग स्कूल खोलने की योजना बनायी जाये | ट्रेनिंग स्कूल में विदेश के अलावा देश के विशेषज्ञ और प्रशिक्षित मछुआरों से प्रशिक्षण दिलवाया जाये | उन्होंने कहा कि मछली पकड़ने की विदेशी तकनीक का लाभ मछुआरों को मिलना चाहिये | वियतनाम और चीन के अध्ययन दौरे के अनुभवों का लाभ भी प्रदेश के मछली-पालन को मिले| सुश्री महदेले ने ऐसे जिलों और स्थानों का सर्वे करवाने को कहा, जहाँ मछली का व्यवसाय करने वालों की संख्या अधिक है | उनका उपयोग अन्य जलाशयों में मछली उत्पादन को बढ़ावा देने के लिये किया जाना चाहिये | विशेष रूप से उन जलाशय क्षेत्र में, जहाँ मछली पकड़ने वाले मछुआरों की कमी है |

सुश्री महदेले ने कहा कि मछली-पालन की विदेशों की केज तथा अन्य पद्धतियों को प्रदेश में लागू किया जाना चाहिये | मछुआरों के हित को ध्यान में रखकर जो योजनाएँ चलायी जा रही हैं, उसका अधिकाधिक लाभ उन्हें मिलना चाहिये | पूर्व से छात्रवृत्ति प्राप्त कर रहे मछुआरों की संतानों को उच्च शिक्षा के लिये आर्थिक सहायता की योजना भी बनायी जाये | सुश्री महदेले ने झींगा-पालन की नीति को और कारगर तरीके से क्रियान्वित करवाने की बात कही | उन्होंने मछुआरों के कौशल विकास को ध्यान में रखकर योजनाएँ तैयार करवाने के निर्देश दिये |

Note: News shared for public awareness with reference from the information provided at online news portals.