भोपाल में खुला प्रदेश का पहला आंत्रप्रेन्योरशिप विकास केन्द्र, यूके-डीएफआईडी और ईडीआई – गुजरात करेंगे सहयोग

भोपाल (मध्य प्रदेश) : प्रदेश का पहला आंत्रप्रेन्योरशिप विकास केन्द्र मंगलवार को गोविन्दपुरा आईटीआई में शुरू हुआ। तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास (स्वतंत्र प्रभार) स्कूल शिक्षा एवं श्रम राज्य मंत्री दीपक जोशी ने आंत्रप्रन्योरशिप विकास केन्द्र और अप्रेंटिस ट्रेनिंग सेल का लोकार्पण किया।

गतिविधियों के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा

जोशी ने केन्द्र का निरीक्षण कर काउंसलिंग और क्रेडिट लिंकेज के बारे में जानकारी ली। जोशी ने कहा कि सभी बड़े शहर में उद्योगपतियों से चर्चा कर उनकी जरूरत के अनुसार आईटीआई में प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी आईटीआई में केन्द्र की गतिविधियों के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएंगे। केन्द्र के माध्यम से बच्चों को आगे बढ़ने का रास्ता मिलेगा। प्रधानमंत्री की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘डिजिटल इंडिया’ की कल्पना को इस तरह के केन्द्र ही साकार रूप देंगे। उन्होंने कहा कि काउंसलिंग की प्रकिया सरल भाषा में होनी चाहिए।

यूके के सहयोग से संचालित होगा केन्द्र

संचालक कौशल विकास संजीव सिंह ने कहा कि केन्द्र में काउंसलिंग के साथ ही बैंक लोन के लिए प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी बनवाई जाएगी। केन्द्र का संचालन यूके गव्हर्नमेंट के डिपार्टमेंट फॉर इंटरनेशनल डेव्हलपमेंट डीएफआईडी और आंत्रप्रन्योरशिप डेव्हलपमेंट इंस्टीट्यूट अहमदाबाद के सहयोग से संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आईटीआई के ट्रेनिंग एंड डेव्हलपमेंट आफिसर को भी प्रशिक्षित किया जाएगा।

Note: News shared for public awareness with reference from the information provided at online news portals.