छिंदवाड़ा : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमल नाथ ने छिंदवाड़ा में शहरी गरीब युवाओं को अस्थायी रोजगार के साथ उनकी रुचि के कौशल विकास का प्रशिक्षण देने के लिए ‘युवा स्वाभिमान योजना’ शुरू करने का ऐलान किया। इस योजना के लिए पंजीयन 10 फरवरी से होगा।
छिंदवाड़ा के पुलिस परेड मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि ग्रामीण इलाकों के युवाओं को मनरेगा जैसी योजनाओं से काम मिल जाता है, अब शहरी क्षेत्र के गरीब युवाओं को अस्थायी रोजगार देने के लिए युवा स्वाभिमान योजना लागू की जा रही है। इसमें शहरी क्षेत्र के गरीब युवाओं को एक साल में 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
गणतंत्र दिवस पर नागरिकों के नाम अपने संदेश में नई योजना की चर्चा करते हुए कमल नाथ ने कहा कि युवा शक्ति के हाथ में प्रदेश का भविष्य है। युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत केवल युवा प्रतिभाओं को निखारने की है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार के अवसरों का पूरा-पूरा लाभ उठा सकें।
कमल नाथ ने प्रस्तावित योजना के संदर्भ में कहा कि रोजगार के दौरान युवाओं को उनकी पसंद के क्षेत्र में कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उनके हाथ में कौशल होगा, तो वे विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का पूरा लाभ उठा सकेंगे। इस योजना में युवाओं का पंजीयन 10 फरवरी से शुरू होगा और फरवरी माह में ही रोजगार और कौशल देने का काम शुरू हो जाएगा।
Note: News shared for public awareness with reference from the information provided at online news portals. Read SKILL REPORTER or Follow SKILLREPORTER on Facebook / Twitter / Linkedin / Google to stay updated with RFP, Tenders, EOI, Jobs, Notifications, Schemes, Projects, News etc. related to Skill Development
