पलवल जिला में खोला जाएगा हरियाणा का पहला कौशल विकास विश्वविद्यालय: विपुल गोयल

पलवल : पलवल के नेता जी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में उद्योग मंत्री विपुल गोयल ने ध्वजारोहण किया और  शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा हरियाणा प्रदेश ने अजादी की लड़ाई में और आजादी के बाद देश की सीमाओं पर जब-जब संकट आया सदा ऐतिहासिक भूमिका निभाई। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को 10 अप्रैल 1919 को पलवल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश में एक नई क्रांति का सूत्रपात हुआ है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 60 बड़े और 7785 मध्यम व छोटे स्तर के उद्योग लगे हैं। इनमें 8013 करोड़ रुपए का निवेश हुआ है और 1 लाख 40 हजार 57 लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि उद्योग के मामले में फरीदाबाद को औद्योगिक विकास की शो विंडो बनाएंगे। गोयल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सडक़ तंत्र को मजबूत बनाने पर बल दे रहे हैं।

फरीदाबाद के वाई.एम.सी.ए. चौक से बल्लभगढ तक मैट्रो के विस्तार का कार्य शुरू हो चुका है। युवाओं के कौशल विकास के लिए हरियाणा में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना की तर्ज पर हरियाणा कौशल विकास मिशन बनाया है। हरियाणा सरकार ने प्रदेश का पहला कौशल विकास विश्वविद्यालय पलवल जिला में खोलने का निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार गांवों के विकास पर ध्यान दे रही है। आज सशक्त, स्वस्थ अौर सुदिप्त हरियाणा बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

Note: News shared for public awareness with reference from the information provided at online news portals.