आईटीआई प्रशिक्षण अधिकारियों की भर्ती में अचानक आयु गणना का बदला आधार, सैकड़ों उम्मीदवार हुए अपात्र

भोपाल : कौशल विकास संचालनालय में आईटीआई प्रशिक्षण अधिकारियों की भर्ती होना है। इसकी चयन परीक्षा कराने का जिम्मा प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड को सौंपा गया है। लेकिन अचानक आयु गणना का आधार बदलने से उम्मीदवारों में असंतोष है। पहले आयु गणना 1 जनवरी 2016 के आधार पर की गई थी। बाद में आयु गणना का आधार 1 जनवरी 2017 कर दिया गया। इसके चलते कई उम्मीदवार परीक्षा देने से पहले ही बाहर हो गए।

पीईबी ने 13 सितंबर को जो विज्ञापन निकाला था उसमें आयु गणना का आधार 1 जनवरी 2016 था। इसमें 29 सितंबर को संशोधन कर गणना का आधार 1 जनवरी 2017 कर दिया गया। इस एक वर्ष के अंतराल से अनेक उम्मीदवार परीक्षा में बैठने से ही अपात्र हो गए हैं। अगर उन्होंने परीक्षा दे भी दी तो ओवरएज होने के कारण उन्हें ड्यूटी पर नहीं लिया जाएगा। इस फैसले से उम्मीदवारों में असंतोष है। उनका कहना है कि जब संचालनालय में भर्ती वर्ष 2016 की है तो आयु की गिनती वर्ष 2017 से क्यों हो रही है? सामान्य प्रशासन विभाग के आदेशानुसार भी आयु गणना का आधार 2016 ही होना चाहिए।

गौरतलब है कि केन्द्र सरकार के विभागों में भी इसी नियम के आधार पर उम्मीदवारों की आयु गणना की जाती है। इसी प्रकार बोर्ड की रूल बुक में भी इस नियम का उल्लेख है।

कई हो जाएंगे ओवरएज

विज्ञापन में संशोधन के पहले सैकड़ों उम्मीदवारों ने 1 जनवरी 2016 के आधार पर आवेदन कर दिया था। आवेदन के साथ उन्होंने फीस भी जमा कर दी थी। अब नियम बदलने पर उनके आवेदन निरस्त करेंगे अथवा उन्हें परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा, इस संबंध में बोर्ड ने स्थिति स्पष्ट नहीं की है। आवेदन निरस्त होने की स्थिति में जमा आवेदन फीस का क्या होगा? इस बारे में भी कुछ नहीं बताया गया है। उम्मीदवारों का आरोप है कि इस बारे में हमने जब बोर्ड के अधिकारियों से बात करनी चाही तो हमें किसी ने भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया।

कई उम्मीदवार तो ऐसे हैं, जिनके लिए यह परीक्षा में शामिल होने का आखिरी मौका होगा। नए नियम से कई आवेदक ओवरएज हो सकते हैं, जिससे वे परीक्षा प्रक्रिया से बाहर हो जाएंगे। अगर बोर्ड पहले के अनुसार 1 जनवरी 2016 के आधार पर आयु की गणना करे तो वे भी परीक्षा में शामिल हो पाएंगे।

Note: News shared for public awareness with reference from the information provided at online news portals.