रांची : राज्य के पांच जिलों में दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र (मेगा स्किल सेंटर) इसी माह खुलेंगे । 15 जुलाई को विश्व कौशल दिवस के मौके पर उक्त केंद्रों का उदघाटन होगा । उच्च एवं तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। विभाग ने वित्तीय वर्ष 2017-18 में 24 तथा 2018-19 में 16 केंद्र खोलने का लक्ष्य रखा है। प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना के लिए नौ पॉलिटेक्निक भवन को चिह्नित किया गया है। इस माह रामगढ़, जमशेदपुर, दुमका, गुमला व देवघर में केंद्र खोला जायेगा।
जमशेदपुर व देवघर में दो-दो केंद्र खोले जायेंगे। प्रशिक्षण के लिए 17 एजेंसी का चयन किया गया है। राज्य में मेगा स्किल सेंटर के माध्यम से 68 हजार लोगों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अलावा राज्य के कॉलेजों में विद्यार्थियाें को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जायेगा। इसके लिए प्रथम चरण में 30 कॉलेजों का चयन किया गया है।
इसमें इंटर के बाद आगे की पढ़ाई नहीं की हो, स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुके व स्नातक में नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण केंद्र खोला जायेगा। दूसरे चरण में 51 कॉलेजों में प्रशिक्षण केंद्र खोला जायेगा। इसके तहत चार वर्ष में 51 हजार विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। कॉलेजों में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने के लिए दो एजेंसी का चयन किया गया है। 15 जुलाई को चयनित एजेंसी के साथ एमओयू किया जायेगा।
प्रथम चरण के लिए 30 कॉलेजों का चयन
प्रथम चरण के लिए 30 कॉलेजों का चयन किया गया है। इनमें 11 महिला कॉलेज शामिल है. रांची विवि में गुमला, तोरपा व विशुनपुर, विनाेबा भावे विवि में कोडरमा, चतरा व गिरिडीह, सिद्धो कान्हू विवि में साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, गोड्डा व देवघर, कोल्हान विवि में सरायकेला-खरसावां, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर व मझगांव तथा नीलांबर-पीतांबर विवि में गढ़वा, पलामू व मणिका में स्किल डेवलपमेंट सेंटर खोला जायेगा। इसके आलावा लातेहार, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, कोडरमा, चतरा, रामगढ़, पाकुड़, साहेबगंज व सरायकेला-खरसावां के महिला कॉलेज में स्किल डेवलपमेंट सेंटर खोलने का निर्णय लिया गया है।
25 व्यावसायिक मोटरवाहन प्रशिक्षण केंद्र खुलेंगे
झारखंड में 25 व्यावसायिक मोटर वाहन प्रशिक्षण केंद्र खोला जायेगा। इसका संचालन एनएसडीसी द्वारा किया जायेगा। इसके लिए भूमि झारखंड सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जायेगा। इसके लिए विभिन्न जिलों में जमीन चिह्नित करने का काम पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा जामताड़ा, खूंटी, कोडरमा व रांची में प्रशिक्षण केंद्र संचालन लेकर नीति निर्धारण एनएसडीसी द्वारा किया जा रहा है। इसके तहत राज्य के प्रत्येक जिला में एक तथा रांची में दो व्यावसायिक मोटरवाहन प्रशिक्षण केंद्र खोले जायेंगे। प्रति केंद्र से एक वर्ष में एक हजार लोगों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। झारखंड में कुल 2.5 लाख लोगों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। पूरे देश में इस योजना के तहत 69.49 लाख लोगों को प्रशिक्षित किया जायेगा।
Note: News shared for public awareness with reference from the information provided at online news portals.